सहरसा। मेधावी छात्रों के बीच भेद भाव बरतने का
आरोप लगाते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने गुरुवार की शाम थाना चौक पर
मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। विद्यार्थी परिषद का आरोप है कि मुख्यमंत्री नीतीश
कुमार सिर्फ अल्पसंख्यक छात्रों को हीं दस हजार रुपया प्रोत्साहन राशि के रूप में
देने की घोषणा की है जो कि भेद भाव पूर्ण है। छात्र नेताओं ने मुख्यमंत्री की उक्त
घोषणा का विरोध करते हुए छात्रों को अल्पसंख्यक-बहुसंख्यक में बांट कर राजनीति करने
का आरोप लगाया। छात्र नेताओं ने मुख्यमंत्री से छात्रों पर राजनीति नही कर सभी
समुदाय के मेधावी छात्रों के लिये प्रोत्साहन राशि देने की मांग की है।
विद्यार्थी परिषद के द्वारा सभी समुदाय के मेधावी छात्रों के साथ हीं बीपीएल परिवार
के छात्रों को भी प्रोत्साहन राशि की इस योजना में शामिल करने की मांग की गयी है।
विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक
मनोज कुमार साह, विश्व विद्यालय प्रमुख प्रो. कामाख्या नारायण सिंह, नगर मंत्री
महेश प्रसाद यादव सहित दर्जनों छात्र नेताओं ने मुख्यमंत्री के इस घोषणा की तीखे
शब्दों में निंदा की तथा इसे छात्रों के बीच भेद भाव बरतने की कार्रवाई बताया।
विरोध प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ
जम कर नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन में संगठन के नगर सह मंत्री अमरदीप कुमार, नगर
प्रमुख भगवान जी, मिथिलेश कुमार, पाण्डव, मुकेश कुमार, संतोष कुमार, राम कुमार,
कुन्दन कुमार, सज्जान कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
|