केवटी (दरभंगा)। प्रखंड क्षेत्र के मोहम्मदपुर बाजार
में बुधवार की देर रात सशस्त्र लुटेरों ने तीन घरों में धावा बोलकर नकदी सहित हजारों
की संपत्ति लूट ली। यही नहीं घटना के बाद भागने के क्रम में लुटेरों ने बम विस्फोट
भी किया। अपराधी लूटपाट की घटना को अंजाम देने के बाद मोहम्मदपुर स्टेशन की ओर भाग
निकले। सूचना मिलने के बाद कमतौल थानाध्यक्ष विजय भारती ने पुलिस बल के साथ
घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
उधर, डीएसपी दिलीप कुमार मिश्र और पुलिस निरीक्षक उमेश सिंह भी गुरुवार को घटनास्थल
पर पहुंचे और गृहस्वामियों से पूछताछ की। गृहस्वामियों के अनुसार सभी लुटरों की आयु
25 से 30 वर्ष के बीच बतायी गयी है। इस संबंध में कमतौल थाना में एक प्राथमिकी दर्ज
करायी गयी है।
जानकारी के अनुसार करीब दो दर्जन सशस्त्र डकैतों ने रात्रि के लगभग दो बजे पश्चिम
दिशा से मोहम्मदपुर बाजार में आये और आने के साथ ही सर्वप्रथम निजी चौकीदार नवीन
धेवा को अपने कब्जे में लेकर उसे बांध दिया। इसके बाद उन्होंने छत के सहारे आंगन
में पहुंचकर पहले रमेश प्रसाद के घर के दरवाजे को खोलवाकर अंदर प्रवेश किया तथा नकदी
व आभूषण समेत हजारों की संपति लूट ली। इसके बाद तेजनारायण प्रसाद और अंत में विपिन
प्रसाद के घर धावा बोल कर नकदी, मोबाइल और आभूषण समेत हजारों की संपत्ति लूट ली।
डकैतों ने बारी-बारी से न सिर्फ लूटपाट की, बल्कि इस क्रम में गृहस्वामी के परिजनों
के साथ मारपीट भी की। उधर, घटना के बाद लोगों में दहशत है। पंसस बैद्यनाथ यादव,
नवजीत चौधरी, सुनील चौधरी व लक्ष्मण प्रसाद यादव ने क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक
घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए मोहम्मदपुर बाजार में पुलिस चौकी खोलने की मांग
पुलिस अधीक्षक से की है।