मधुबनी। ग्राम्य अभियंत्रण संगठन प्रमंडल मधुबनी ने
विभिन्न योजना मदों से आवंटित राशि से करीब दो दर्जन सड़कों का निर्माण, मरम्मत
सुदृढि़करण के अलावा करीब एक दर्जन पुलों का निर्माण पूरा किया है। कार्यपालक
अभियंता संजय कुमार सिंह ने बताया कि न्यूनतम आवश्यकता कार्यक्रम के तहत यहां के
रहिका जीरो माइल चौक से कपिलेश्वर स्थान तथा खैरा मैलान सड़क सहित आधा दर्जन लिंक पथों
का निर्माण कार्य पूरा हुआ है। इधर नावार्ड से आवंटित 2 करोड़ 37 लाख रुपये खर्च किया
गया, जिसमें मधुबनी कलुआही नाजिरपुर का सड़क निर्माण कार्य हुआ। द्वादश वित्त आयोग
से आवंटित 45 करोड़ रुपये से आठ पुलों के निर्माण का लक्ष्य था, जिसमें 7 पुलों का
निर्माण हो चुका है, शेष एक लंबित है। वहां कार्य चालू है। बारहवें वित्त आयोग के
द्वारा ही यहां 10 और सड़कों की मरम्मत हेतु 1 करोड़ 14 लाख 73 हजार रुपये आवंटित हुए
थे। इसी योजना से ब्रह्मोत्तरा भवानीपुर बाबा मंदिर परिसर वाली सड़क में कंक्रीट सड़क
का निर्माण कार्य पूरा हुआ है। ईट लगाने का कार्य चल रहे हैं। सकरी-कटौला सड़क का
कार्य भी यहां पूरा हो गया है। यहां मुख्यमंत्री सेतु निर्माण योजना के तहत 98 लाख
60 हजार रुपया का आवंटन किया जिसमें 13 पुलों का निर्माण करना था। बीते वर्ष में
इसमें से छ: पुलों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया। शेष 7 पुल इस वर्ष जून तक
पूरा कर लिए जाने की बात बतायी गयी। इधर सांसद एवं विधायक ऐच्छिक कोष से आवंटित राशि
से भी विभाग ने प्राथमिकता से कार्य करने की बात बतायी है। यहां सांसद कोष से 29
लाख एवं विधायक एक करोड़ 61 लाख की राशि विभाग को मिली थी। विभाग से मिली जानकारी के
मुताबिक यहां मुख्यमंत्री सड़क निर्माण योजना में 15 सड़कों की निर्माण कार्य हेतु
आवंटन मिला, परंतु 15 में से मात्र एक सड़क खजौली में बेता से ककरघट्टी तक निर्माण
कार्य पूरा हुआ है। मधुबनी आरईओ ने इस वर्ष करीब 70 लाख रुपया सरेण्डर भी किया है।
कार्यपालक अभियंता श्री सिंह ने बताया कि यह राशि आपदा प्रबंधन यातायात पुनरुत्थान
योजना के तहत यहां आयी थी।