|
|
मिथिलाक्षर में कोर्स शुरू करेगा इग्नू
11/11/2007 03:52:33 AM
दरभंगा। मैथिली में आधार पाठ्यक्रम को हरी झंडी मिलने के बाद अब इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) मिथिलाक्षर में कोर्स शुरू करने जा रहा है। इग्नू, दिल्ली के मानविकी विद्यापीठ से आये दो विशेषज्ञों और दरभंगा में गत दो नवंबर को मैथिली विद्वानों के साथ हुई विशेष बैठक के बाद क्षेत्रीय केन्द्र ने मिथिलाक्षर में लिखी पांडुलिपियों का अन्य भाषाओं में अनुवाद का फैसला किया है। आधार पाठ्यक्रम पर मानविकी विद्यापीठ की अंतिम मुहर लगने के बाद मैथिली के विद्वानों के साथ दोबारा क्षेत्रीय केन्द्र में बैठक आयोजित की जायेगी। इसमें अंतिम रूप से निर्णय लिया जायेगा कि अन्य भाषाओं की तरह मिथिलाक्षर में भी डिप्लोमा की पढ़ाई शुरू की जाये या ऐच्छिक विषय के रूप में इसे पाठ्यक्रम में शामिल किया जाये। इसके अलावा 'क्रिएटिव राइटिंग इन मैथिली' या 'पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन ट्रांसलेशन' का कोर्स भी मिथिलाक्षर में शुरू करने पर विचार होगा। गौरतलब है कि मैथिली को छोड़ अन्य भाषाओं में इग्नू द्वारा शुरू किये गये आधार पाठ्यक्रम का माध्यम वही भाषा होती है जिसमें कोर्स शुरू किया गया है। यानी अंग्रेजी में शुरू किये गये आधार पाठ्यक्रम का माध्यम भी अंग्रेजी ही है। इसी तरह उर्दू में आधार पाठ्यक्रम का माध्यम उर्दू ही है, लेकिन मैथिली में शुरू होने वाले आधार पाठ्यक्रम का माध्यम मैथिली न होकर देवनागरी बनाया गया है। क्षेत्रीय केन्द्र इग्नू के निदेशक डा. एएन त्रिपाठी का कहना है कि इग्नू प्रयासरत है कि मौलिक लिपि मिथिलाक्षर में लिखी पांडुलिपियों का न सिर्फ अन्य भाषाओं में अनुवाद हो, बल्कि मिथिलाक्षर में पढ़ाई भी शुरू की जाये। इसके लिए मैथिली के विद्वानों से संपर्क साधा जा रहा है। कोर्स शुरू करने के लिए जिन विद्वानों से संपर्क साधा जा रहा है उनमें अकादमी पुरस्कार से सम्मानित डा. भीम नाथ झा, देवेन्द्र झा, डा. एनएन झा, डा. नीता झा, डा. अजीत कुमार वर्मा, डा. नवीन चन्द्र मिश्र के अलावा डा. उमाकांत झा, डा. अशोक कुमार मेहता, डा. विभूति आनंद, डा. रमन झा, डा. सत्य नारायण मेहता, डा. फूलचन्द्र मिश्र रमन, डा. धीरेन्द्र नाथ मिश्र, डा. शिव शंकर श्रीनिवास शामिल हैं। मालूम हो कि क्षेत्रीय केन्द्र दरभंगा के अधीन पूर्णिया, समस्तीपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, सिवान, छपरा, सुपौल, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, अररिया, बेगूसराय, दरभंगा, गोपालगंज, कटिहार, खगड़िया किशनगंज, मधेपुरा, मधुबनी व मुजफ्फरपुर जिले आते हैं।
इस खबर पर अपनी राय भॆंजॆ | मित्र कॊ बतायॆ | खबरॊ कॆ मुख्य प्रिष्ट पर जायॆं | |
|
|
Feed Back - Refer To Friend - Terms Of Use- Privacy Policy- About Us - Contact Us - Careers -Advertise With Us © Adarsh Internet Pvt. Ltd. Benipatti Madhubani All Right Reserved info@mithilalive.com |